समयबद्ध तरीके से पूरा करें भवन गणना, सुपरवाइजर और प्रगणकों को दिए सख्त निर्देश
प्रतापगढ़ जनपद में चल रही भवन गणना की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति के निर्देशन में तहसीलदार सदर एवं प्रभारी जनगणना अधिकारी सदर अनिल कुमार ने सदर क्षेत्र में चल रहे भवन गणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों की उपस्थिति की जांच की तथा कार्य की प्रगति का जायजा लिया। तहसीलदार सदर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सुपरवाइजर एवं प्रगणक निर्धारित समय पर अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहकर भवन गणना का कार्य पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ संपन्न करें। उन्होंने कहा कि भवन गणना एक महत्वपूर्ण शासकीय कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निरीक्षण के दौरान कोई प्रगणक या सुपरवाइजर क्षेत्र में अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अनिल कुमार ने कहा कि वे प्रतिदिन क्षेत्र में जाकर भवन गणना कार्यों का निरीक्षण करेंगे और कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करेंगे। उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों के लगातार संपर्क में रहें तथा कार्य में तेजी लाएं। जिन क्षेत्रों की हाउस लिस्टिंग एवं बिल्डिंग (एचएलबी) छोटी है, वहां कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि जनपद में भवन गणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न हो सके। उन्होंने सभी कर्मचारियों से फील्ड में जाकर पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता के साथ दायित्व निर्वहन करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान सुपरवाइजर धर्मेंद्र ओझा, शशांक कुमार, संदीप कुमार तथा प्रगणक शिवांगी सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।