समर्पण न्यूज बांदा: स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल 21 सितंबर से अशोक लाट पर अनशन करेंगी। उन्होंने कहा कि 300 बेड के मंडलीय अस्पताल को तत्काल जनता के लिए शुरू कराना आंदोलन का प्रमुख मुद्दा रहेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को दोपहर 12 बजे से वह अशोक लाट पर अनशन पर बैठेंगी। अनशन में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। शालिनी सिंह पटेल के मुताबिक, उनकी प्रमुख मांगों में 300 बेड के मंडलीय अस्पताल को तत्काल शुरू कराना, जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार, रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में सामने आई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों के स्थानांतरण तथा शासन के आदेशों का अनुपालन शामिल है। उन्होंने कहा कि 300 बेड का मंडलीय अस्पताल बनकर तैयार होने के बावजूद अभी तक जनता के लिए शुरू नहीं हो सका है। अस्पताल के संचालन की मांग को लेकर जिले के जागरूक नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं। अधिकारियों को पत्र देने के साथ ही संबंधित मंत्रियों से मुलाकात भी की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि अनशन के दौरान स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अन्य जनहित के मुद्दों और आम जनता की समस्याओं को भी सामने रखा जाएगा। उनका कहना है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक अनशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाने के कारण उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने या जेल जाने की स्थिति से वह भयभीत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। शालिनी सिंह पटेल ने बांदा के लोगों से 21 सितंबर को दोपहर 12 बजे अशोक लाट पहुंचकर अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब जनता की आवाज सुनने वाला कोई नहीं होगा, तब जनता दल (यूनाइटेड) का कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर सामने आएगा।
मंडलीय अस्पताल शुरू कराने की मांग को लेकर अनशन: स्वास्थ्य विभाग की कथित अनियमितताओं की जांच समेत कई मुद्दे उठेंगे, 21 सितंबर से अशोक लाट पर आंदोलन
By - Samarpan News
September 16, 2026
0
Tags:
