प्रेमिका की मौत के बाद प्रेमी ने भी जहरीला पदार्थ खाकर खत्म की अपनी जीवनलीला

समर्पण न्यूज
By - Samarpan News
0
 
शादी के बाद संपर्क को लेकर विवाद का आरोप, युवक की भी मौत; पुलिस ने शुरू की जांच

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव में प्रेम संबंध से जुड़ी एक संवेदनशील घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार रात एक युवती की मौत के करीब एक घंटे बाद उसके पूर्व परिचित युवक की भी जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कुंभापुर निवासी विनय का करीब तीन वर्षों से पड़ोस में रहने वाली आंचल गौतम (25) से प्रेम संबंध था। पारिवारिक परिस्थितियों के चलते दोनों का विवाह नहीं हो सका। मई 2026 में आंचल की शादी रानीगंज क्षेत्र के जाजापुर गांव निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र गौतम से हो गई थी।

शादी के बाद संपर्क को लेकर विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी के बाद भी विनय द्वारा आंचल से संपर्क बनाए रखने का दबाव बनाया जाता था। आरोप है कि उसने आंचल की कुछ पुरानी तस्वीरें उसकी बहन को भेजीं और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी। कुछ दिन पहले आंचल की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें उसके पति को भेजे जाने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है।

आंचल करीब 15 दिन पहले ही अपने मायके कुंभापुर आई थी। मंगलवार रात परिवार में उस समय हड़कंप मच गया, जब उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे रानीगंज ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवती की मौत के बाद युवक की भी मौत

पुलिस के मुताबिक, आंचल की मौत की जानकारी मिलने के करीब एक घंटे बाद विनय की तबीयत भी गंभीर हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल और फिर प्रयागराज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू की। पुलिस दोनों मौतों के बीच संबंध, घटनाक्रम और सामने आए आरोपों की अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है।

सीओ रानीगंज प्रशांत राज हुड्डा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध की बात सामने आई है। रानीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार की टीम मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default