प्रभारी मंत्री ने किया तीन दिवसीय अजगरा महोत्सव -2026 का शुभारंभ

समर्पण न्यूज
By - Samarpan News
0

समर्पण न्यूज प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने पौराणिक स्थल अजगरा स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पहुंचकर तीन दिवसीय अजगरा महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, एमएलसी प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह व राय साहब सिंह, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह के अलावा पं0 राजेश कुमार पाण्डेय निर्झर प्रतापगढ़ी, दिनेष सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
  अजगरा महोत्सव का शुभारंभ पौराणिक परंपरा के अनुरूप यक्ष-युधिष्ठिर संवाद के माध्यम से किया गया। पौराणिक सरोवर अजगरा पर उच्चतर प्राथमिक विद्यालय तुलसी का पुरवा के छात्र प्रियांशु वर्मा ने प्रभारी मंत्री से यक्ष का प्रश्न पूछा, जिसका प्रभारी मंत्री ने संवाद के माध्यम से उत्तर दिया। इसी संवाद के साथ महोत्सव का उद्घाटन किया गया। प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने पौराणिक सरोवर पर दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
  इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने अजगरा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया तथा वहां स्थित संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित पुरातत्व अवशेषों को देखा और उनके संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद महोत्सव परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल एवं मेले का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
  अजगरा महोत्सव’ कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के पौराणिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास को लेकर विशेष रुचि रखते हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि हमारी समृद्ध विरासत को संरक्षित करने के साथ ही उसे नई पीढ़ी से जोड़ा जाए और ऐसे स्थलों को व्यापक पहचान दिलाई जाए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अजगरा जनपद की गौरवशाली ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां की पौराणिकता और ऐतिहासिक महत्व को सामने लाने के लिए इस प्रकार के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ के माध्यम से अजगरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई, जिससे लोगों में अपनी विरासत के प्रति जागरूकता और गौरव की भावना और मजबूत होगी। प्रभारी मंत्री ने ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ जैसे अभिनव एवं सार्थक कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा अजगरा की विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए किया गया यह प्रयास सराहनीय है। 
  जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ के माध्यम से 08 प्रतिभागियों का चयन ‘अजगरा अष्ट’ के रूप में किया गया है। ये प्रतिभागी 17 सितम्बर 2026 को यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा उन्हें सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने पं0 राजेश कुमार पाण्डेय ‘निर्झर प्रतापगढ़ी’ की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुरातत्व एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने तथा अजगरा की ऐतिहासिक विरासत को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
  इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अजगरा महोत्सव में डा0 शिवानी मातनहेलिया के साथ विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल ने कजरी गीत की प्रस्तुति दी। डा0 शिवानी मातनहेलिया ने लोकगायन की मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों द्वारा भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संचालन डा0 मो0 अनीस एवं धर्मेन्द्र ओझा ने किया। महोत्सव में उपस्थित लोगों ने पौराणिक स्थल, संग्रहालय, विभागीय प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default