मारपीट के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद

समर्पण न्यूज
By - Samarpan News
0

प्रतापगढ़ समर्पण न्यूज 
। रानीगंज थाना क्षेत्र में मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वांछित नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरमान अली पुत्र मुजीबुर रहमान, निवासी ग्राम धनुहाँ, थाना रानीगंज के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 की शाम करीब चार बजे कौशलेश सिंह मोटरसाइकिल से गाजी के बाग से अपने घर जा रहे थे। थरिया नाला के पास सड़क संकरी होने के कारण उन्होंने मोटरसाइकिल किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान कार से पहुंचे कुछ लोगों ने उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक इस दौरान आरोपितों ने परिजनों को धमकी दी और वहां से फरार हो गए। मामले में रानीगंज थाने में मु0अ0सं0 459/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराध एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीगंज पुलिस ने कार्रवाई तेज की। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।

पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव पुलिस टीम के साथ चिरुकुटी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर साई चौराहा के पास धनुहाँ रोड स्थित नाला पुलिया के आसपास घेराबंदी कर अरमान अली को गिरफ्तार कर लिया गया।

निशानदेही पर लोहे की रॉड बरामद

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में कथित रूप से इस्तेमाल की गई एक लोहे की रॉड भी बरामद की गई। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, कांस्टेबल राजू गोंड और कांस्टेबल दशरथ पटेल शामिल रहे।

 

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default