ऊंचाहार में शिवमहापुराण कथा में पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदीप मिश्रा की कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

समर्पण न्यूज
By - Samarpan News
0


रायबरेली समर्पण न्यूज:- 
 ऊंचाहार क्षेत्र में आयोजित भव्य श्री शिवमहापुराण कथा में सोमवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया। इटौरा टोल प्लाजा और चढ़रई चौराहा के समीप बनाए गए विशाल कथा परिसर में पहुंचने पर आयोजन समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया।

कथा के आयोजक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडे ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद राज्यपाल व्यास पीठ पर पहुंचीं और कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से आशीर्वाद प्राप्त कर शिवमहापुराण कथा सुनी।

17 सितंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन

ऊंचाहार में 11 सितंबर से शुरू हुआ यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन 17 सितंबर तक चलेगा। सीहोर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा श्रद्धालुओं को शिवमहापुराण की कथा सुना रहे हैं। कथा में शामिल होने के लिए रायबरेली के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

आयोजन से पहले निकाली गई कलश यात्रा में भी भारी भीड़ देखने को मिली थी। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया था और इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई।

लाखों श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए विशाल पंडाल

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं। आयोजक डॉ. मनोज पांडे के अनुसार इन पंडालों में करीब तीन लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन सतर्क

कथा स्थल पर लगातार वीआईपी और वीवीआईपी अतिथियों के पहुंचने से प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कथा में सहभागिता की।
आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार आगामी दिनों में तेलंगाना के राज्यपाल और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के संभावित आगमन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

वीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कथा स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन भी किया गया है। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जा रहा है।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। आयोजन समिति ने इसे धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ा बड़ा आयोजन बताया है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों से लोग श्रद्धापूर्वक भाग ले रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default