दुबई में फंसे बेटे की सलामती को लेकर मां की आंखों से छलक रहे आंसू, शाहरुख खान से लगाई मदद की गुहार

समर्पण न्यूज
By - Samarpan News
0


रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के सुनहरी मस्जिद, तिलियाकोट की रहने वाली विधवा सीमा इन दिनों अपने 25 वर्षीय बेटे आजाद की सलामती को लेकर बेहद परेशान हैं। सीमा का कहना है कि उनके बेटे को दुबई गए करीब सात महीने हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान परिवार को उसकी कोई खबर या फोन नहीं मिला है। बेटे के इंतजार में मां, भाई और छोटी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।सीमा पत्नी मरहूम मोहम्मद कदीर ने बताया कि उनके पति का इंतकाल करीब दस वर्ष पहले हो चुका है। पति की मौत के बाद उन्होंने अपने बच्चों की परवरिश किसी तरह की। परिवार की उम्मीद उनका बेटा आजाद था। सीमा के मुताबिक, आजाद फतेहपुर के एक एजेंट के माध्यम से रोजगार के सिलसिले में दुबई गया था।
परिजनों का आरोप है कि दुबई पहुंचने के बाद आजाद किसी मामले में फंस गया। इसके बाद से परिवार का उससे संपर्क टूट गया। करीब सात महीने से बेटे का फोन न आने के कारण मां लगातार उसकी सलामती को लेकर चिंतित है। परिवार को यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है कि आजाद इस समय कहां है और उसकी स्थिति क्या है।‘मेरे बेटे को किसी तरह वापस ले आइए’बेटे की तलाश में परेशान सीमा ने अभिनेता शाहरुख खान से भी मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि यदि उनकी आवाज शाहरुख खान तक पहुंच जाए और वह उनकी मदद के लिए आगे आएं, तो शायद उनका बेटा आजाद सुरक्षित वापस घर लौट सके।सीमा की आंखों में बेटे के इंतजार के आंसू हैं और परिवार लगातार उसकी सलामती की दुआ कर रहा है। अब पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारी मामले की जानकारी जुटाकर आजाद की स्थिति का पता लगाने में मदद करेंगे और यदि वह विदेश में किसी कानूनी मामले में फंसा है तो आवश्यक राजनयिक एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default