राजभवन बेंती कोठी में धीरेंद्र शास्त्री की कथा के भव्य आयोजन में जनसत्ता दल परिवार होगा यजमान- राजा भइया

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0
सनातन शाश्वत है-इसके आगे झुकना पड़ेगा: बेंती में प्रस्तावित कथा को लेकर राजा भइया ने पत्रकारों से की बातचीत
प्रतापगढ़ : राजभवन बेंती में आगामी नवंबर माह में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा एवं दिव्य दरबार को लेकर सोमवार को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंडा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया ने प्रेस वार्ता कर आयोजन की रूपरेखा साझा की। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही विभिन्न चर्चाओं और भ्रांतियों पर भी अपनी बात रखी। राजा भइया ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित कथा का यजमान कोई एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक परिवार है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामूहिक आस्था और सहभागिता का प्रतीक है। सोशल मीडिया पर उन्हें कथा का मुख्य यजमान बताए जाने की चर्चाओं का खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे भव्य धार्मिक आयोजन सभी के सहयोग से सफल होते हैं और इसका श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं दिया जा सकता। प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने उनके चर्चित बयान सनातन सुरक्षित है तो संविधान सुरक्षित है के संबंध में सवाल पूछा तो राजा भइया ने कहा कि वह आज भी अपने इस कथन पर पूरी तरह कायम हैं। उन्होंने कहा कि भारत की धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक व्यवस्था उसकी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी हुई है। देश की बहुलतावादी परंपरा और सनातन संस्कृति ही संविधान की मजबूती का आधार हैं। धर्म और सनातन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए राजा भइया ने कहा कि दुनिया के अधिकांश मत, पंथ और मजहबों की एक निश्चित शुरुआत और प्रवर्तक रहे हैं, जबकि सनातन धर्म अनादि, अनंत और शाश्वत है। उन्होंने कहा कि समय के साथ पूरी दुनिया को सनातन की महानता स्वीकार करनी पड़ेगी। उनका कहना था कि सनातन केवल एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक शाश्वत पद्धति है, जिसने हजारों वर्षों से मानवता को मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने समाज में व्याप्त जातिवाद जैसी कुरीतियों पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि हिंदू समाज में जागरूकता बढ़ रही है। समाज को विभाजित करने वाली प्रवृत्तियों को समाप्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि धर्म और राष्ट्र के प्रति लोगों में बढ़ती चेतना सकारात्मक संकेत है और इससे सामाजिक समरसता को मजबूती मिलेगी। कथा आयोजन के संदर्भ में राजा भइया ने कहा कि किसी को यह अहंकार नहीं होना चाहिए कि वह कथा का आयोजन करवा रहा है। जहां-जहां श्रीराम कथा होती है, वहां स्वयं हनुमान जी व्यवस्थाओं का संचालन करते हैं और हम सभी केवल कार्यकर्ता की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और भव्यता का नया अध्याय स्थापित करेगा। राजा भइया ने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र चेतना का महापर्व होगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बेंती कोठी के पीछे गांव की ओर से कथा पंडाल तक विशेष मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। गौरतलब है कि राजभवन बेंती के हवाई पट्टी क्षेत्र (परेड ग्राउंड) में 17, 18, 19 और 20 नवंबर 2026 को बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से श्रीराम कथा एवं दिव्य दरबार का आयोजन प्रस्तावित है। प्रेस वार्ता के दौरान जनसत्ता दल के प्रदेश अध्यक्ष एवं बाबागंज के लोकप्रिय विधायक विनोद सरोज सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default