महाराजा उदय सिंह स्टेडियम में सजी क्रिकेट की महफिल- डीपीएल नाइट टूर्नामेंट का हुआ आगाज
प्रतापगढ़: नगर पंचायत डेरवा बाजार स्थित महाराजा उदय सिंह स्टेडियम भद्रेश्वर इंटर कॉलेज के सामने में शनिवार को डीपीएल डेरवा प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों तथा युवाओं की बड़ी संख्या उपस्थित रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के वरिष्ठ एवं चेयरमैन नगर पंचायत डेरवा बाजार के कुँवर बहादुर पटेल रहे। उन्होंने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख देते हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अफजल अंसारी पूर्व प्रधान सबलगढ़, प्रेमचंद पटेल पूर्व प्रधान लोचनगढ़, इस्तिखार खान प्रॉपर्टी डीलर तथा पंकज पटेल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट कमेटी की ओर से आगंतुक अतिथियों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। उद्घाटन मैच के दौरान दर्शकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। स्टेडियम में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई थी, जिससे नाइट टूर्नामेंट का माहौल और भी रोमांचक बन गया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं तथा आगामी दिनों में कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों और अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ।