राजा भइया के निर्देशन पर लोकप्रिय विधायक विनोद सरोज ने की सीएम योगी से मुलाक़ात
प्रतापगढ़ जनपद के बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया के निर्देशानुसार संपन्न हुई। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस भेंट के दौरान विधायक विनोद सरोज ने बाबागंज विधानसभा क्षेत्र तथा प्रतापगढ़ जनपद से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने भी क्षेत्र के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के समग्र विकास, सामाजिक समरसता और जनता से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुलाकात के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के पदाधिकारियों ने इसे सकारात्मक और जनहितकारी पहल बताते हुए क्षेत्र के विकास के लिए लाभकारी बताया।