सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बांटे पौधे- पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रतापगढ़ जनपद के जेठवारा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को व्यापक वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। जेठवारा चौराहे के समीप तोमर मार्केट में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता विनोद सिंह तोमर, मुन्ना सिंह, राम सिंह, नवरंग बहादुर सिंह, रमेश भदोरिया और सुनील सिंह ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने क्षेत्र में कुल 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया। अभियान की शुरुआत सुबह 10 बजे की गई, जिसमें बाजार के व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर रमेश भदोरिया और विनोद सिंह द्वारा लोगों को पौधे वितरित कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की। अभियान में डॉ. आशीष यादव, अभय प्रताप सिंह, नेता राम सिंह गौतम, व्यापार मंडल अध्यक्ष जुग्गी लाल पांडे, रामचंद्र मौर्य, बच्चा, आशीष गौतम और जय सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना है।