बिहार ले जाकर पति की हत्या की आशंका: चार बच्चों संग इंसाफ की गुहार लगा रही महिला- पुलिस पर भी उठे सवाल

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0

 
लापता पति की मिली कंकाल जैसी तस्वीर: पीड़िता ने लगाए हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप- पत्नी बोली रंजिश में की हत्या 
 
 
प्रतापगढ़ जनपद के थाना बाघराय क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति को बहला-फुसलाकर बिहार ले जाने, संदिग्ध परिस्थितियों में गायब करने और हत्या कर शव गायब कर देने का आरोप गांव के ही दो लोगों पर लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि पुरानी जमीनी रंजिश के चलते उसके पति की साजिश के तहत हत्या कर दी गई, लेकिन अब तक न तो शव बरामद हुआ और न ही पुलिस द्वारा किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी दी गई है। मामला ग्राम खरगापुर निवासी पुष्पा देवी पत्नी फेरई सरोज से जुड़ा है। पीड़िता के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को वह अपने पति फेरई सरोज और पुत्री काजल के साथ हीरागंज बाजार कपड़ा खरीदने गई थी। वहीं गांव का ही मनोज सरोज पुत्र स्वर्गीय तुलसीराम सरोज पहुंच गया। आरोप है कि पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर मनोज ने फेरई सरोज के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। हालांकि बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया और दोनों सामान्य बातचीत करने लगे। इसके बाद मनोज, फेरई सरोज को अपने साथ ले गया। जाते समय फेरई ने पत्नी से कहा कि वह दो घंटे में वापस लौट आएगा, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। अगले दिन 7 अप्रैल को जब परिवार ने खोजबीन शुरू की तो मनोज ने एक अज्ञात मोबाइल नंबर से पीड़िता के पुत्र शिवा को फोन कर बताया कि उसके पिता बिहार राज्य के रोहतास जिले में एक ईंट भट्ठे पर पहुंचे हैं। उसने यह भी कहा कि खर्च के लिए एक हजार रुपये दे रहा है, जिसे उसके घर से ले लिया जाए। बाद में मनोज के पुत्र आर्यन ने शिवा को एक हजार रुपये दिए। पीड़िता का आरोप है कि 8 अप्रैल को मनोज ने मोबाइल नंबर 9518619298 से फोन कर कहा कि फेरई सरोज कहीं लापता हो गए हैं और संभवतः सोनू सरोज पुत्र राजेंद्र सरोज निवासी ग्राम मादूपुर के साथ चले गए हैं। अगले दिन फिर फोन कर बताया गया कि वह किसी दूसरे भट्ठे पर काम कर रहे हैं। जब परिवार ने फेरई से बात कराने, फोटो भेजने या वीडियो कॉल कराने की मांग की तो आरोपियों ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब 3 मई 2026 को मनोज ने फोन कर कहा कि फेरई सरोज की लाश मिल गई है और वह शव लेकर घर आ रहा है। साथ ही उसने आधार कार्ड मांगा और पांच लाख रुपये लाने की बात कही। पीड़िता का कहना है कि जो फोटो भेजी गई उसमें केवल कंकाल जैसी आकृति दिखाई दे रही थी, जिससे पहचान कर पाना संभव नहीं था। पुष्पा देवी का आरोप है कि मनोज सरोज और सोनू सरोज ने मिलकर उसके पति की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गायब कर दिया। पीड़िता ने 9 मई को थाना बाघराय में शिकायत दी थी। आरोप है कि पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों को छोड़ दिया, जबकि उसी दिन से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। चार छोटे बच्चों की मां पुष्पा देवी अब न्याय की गुहार लगाते हुए प्रशासन से पति की बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। वहीं क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default