तपती धूप में भी नहीं डिगी आस्था: मां खुईलन धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0
गंगा दशहरा पर मां खुईलन धाम में भक्तिमय माहौल, दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालु


प्रतापगढ़  जनपद के मंधाता विकास खंड अंतर्गत नेवाड़ी ग्राम सभा स्थित प्रसिद्ध एवं पौराणिक मां खुईलन धाम में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। उत्तर प्रदेश, बिहार एवं मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान से हवन-पूजन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। मेला परिसर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा। महिला श्रद्धालु चूल्हों पर हलुवा-पूड़ी एवं रोट का प्रसाद तैयार कर माता रानी को अर्पित करती नजर आईं। श्रद्धालु सोमवार शाम से ही धाम पहुंचने लगे थे। रात्रि में भजन-कीर्तन, हवन एवं पूजन का आयोजन हुआ, जिसके बाद मंगलवार सुबह पुनः दर्शन-पूजन कर भक्त अपने घरों को लौटे। मां खुईलन धाम की सबसे विशेष पहचान यहां गूंजने वाले पारंपरिक चनैनी गीत और नगाड़ों की थाप है। श्रद्धालु लोक परंपरा के अनुसार गीत गाते हुए मां का पूजन करते हैं, जो मेले को अद्भुत आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान करता है। पूरे दिन मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा। मां खुईलन धाम सेवा ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि यह धाम आस्था का महान केंद्र है। प्रत्येक मंगलवार को यहां मेला लगता है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन गंगा दशहरा पर यहां का नजारा अत्यंत भव्य और मनमोहक हो जाता है। श्रद्धालुओं ने इस पौराणिक स्थल की दिव्यता और भव्यता को देखकर स्वयं को भावविभोर बताया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default