प्रयागराज 25 जनवरी| राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत प्रयागराज, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं अमृत एजुकेशनल एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आज मतदाता राष्ट्रीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गयादीन विश्वकर्मा इण्टरमीडिएट कालेज, भिदिउरा, थरवई, प्रयागराज में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों, विशेषकर युवाओं और नए मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत लोकतंत्र और मताधिकार की भावना को दर्शाने वाली रंगोली के निर्माण से की गई। इसके पश्चात मतदाता जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लगभग सवा सौ टी-शर्ट का वितरण प्रतिभागियों के बीच किया गया। कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में नए मतदाताओं को प्रारूप-6 का फॉर्म भरवाया गया, जिससे वे अपने मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को सरलता से समझ सकें। इस अवसर पर नए मतदाताओं को मंच से सम्मानित किया गया तथा उन्हें निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में मतदान करने की शपथ दिलाई गई।
इसके उपरांत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक फाफामऊ श्री गुरु प्रसाद मौर्य जी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को मतदान के अधिकार, कर्तव्य एवं लोकतंत्र में उसकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान “मन की बात” का सामूहिक श्रवण भी किया गया, जिससे प्रतिभागियों को राष्ट्र निर्माण से जुड़ी प्रेरणा प्राप्त हुई।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। विशिष्ट अतिथि उपनिदेशक, मेरा युवा भारत प्रयागराज, सुश्री जागृति पाण्डेय ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष तीर्थराज विश्वकर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रम समाज में लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने मतदान अवश्य करने की शपथ भी ली।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से पवन पाण्डेय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सीबीसी से राम मूरत विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान भिदिउरा पवन कुमार, विनोद मिश्रा, राजबहादुर, पवन मौर्य, राजन कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य अतिथि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं लोकतंत्र की मजबूती के संकल्प के साथ किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।