समर्पण न्यूज़ प्रतापगढ़ महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को थाना नवाबगंज पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सुरक्षा उपायों और सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम ने नवाबगंज बाजार एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण किया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा नए आपराधिक कानूनों के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, उत्पीड़न या साइबर अपराध की घटना होने पर वे वूमेन पावर लाइन-1090, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102 एवं 108 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन-1930 पर तत्काल संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को थाना नवाबगंज में स्थापित महिला हेल्प डेस्क तथा मिशन शक्ति प्रभारी के सीयूजी नंबरों 9454404120 एवं 9454407329 की भी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से उनकी समस्याएं भी सुनीं और उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा कानून द्वारा उपलब्ध सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रतापगढ़ पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं।