विद्युत करंट से विवाहिता की मौत पर नया मोड़: मायके पक्ष ने लगाया हत्या व दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप- पुलिस कार्रवाई की मांग

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0

समर्पण न्यूज़ रायबरेली:  ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के नदौरा माफी गांव में बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की करंट लगने से हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सलोन कोतवाली क्षेत्र के गौड़वा हसनपुर निवासी श्याम लाल पुत्र स्वर्गीय शीतलदीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रत्ना कुमारी की शादी 22 अप्रैल 2024 को नदौरा माफी निवासी अमरेश पुत्र सदाखेलावन के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सोने की जंजीर और एक लाख रुपये नकद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रत्ना को प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। मृतका की बहन मनोरमा ने आरोप लगाया कि रत्ना को लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक 10 अगस्त को भी उसके साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में सुलह-समझौता कराया गया था। आरोप है कि 12 अगस्त को पति अमरेश, सास, ससुर और ननद ने रत्ना के साथ मारपीट की और इसके बाद करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। मायके पक्ष का आरोप है कि घटना को हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया। पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ऊंचाहार कोतवाल ओपी राय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default