एमएनएनआईटी में छात्रा से दुष्कर्म के आरोप के मामले में अभाविप ने रजिस्ट्रार को सौंपा ज्ञापन, आरोपित प्रोफेसर निलंबित

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0


मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), प्रयागराज में छात्रा द्वारा प्रोफेसर पर लगाए गए दुष्कर्म के गंभीर आरोप के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) प्रयाग महानगर के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रांत सहमंत्री निवेदिता मिश्रा के नेतृत्व में संस्थान के रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच की मांग की। अभाविप द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के पश्चात आरोपित प्रोफेसर को निलंबित कर दिया गया है।

अभाविप ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित प्रोफेसर के निलंबन की मांग की गई थी, ताकि जांच निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके और किसी भी प्रकार के दबाव अथवा प्रभाव की संभावना न रहे।

अभाविप प्रयाग महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा ने कहा, “एमएनएनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में विद्यार्थियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अभाविप द्वारा रजिस्ट्रार को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से आरोपित प्रोफेसर के तत्काल निलंबन सहित निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग की गई थी। आरोपित प्रोफेसर का निलंबन किया जाना इस दिशा में आवश्यक कदम है। अब हमारी मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए और जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।”

अभाविप की प्रमुख मांगें—
मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए।
जांच को किसी भी प्रकार के दबाव या प्रभाव से मुक्त रखा जाए।
छात्रा की पहचान, निजता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
संस्थान प्रशासन द्वारा मामले की जांच एवं कार्रवाई की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट की जाए।
संस्थान में छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान अभिनव पांडे, अमन शुक्ला, अंबुज शुक्ला, सूर्य प्रकाश एवं शांतनु मिश्रा सहित विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default