थानों पर ही शिकायतों के समाधान पर जोर, एसएसपी ने जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश!!
मुरादाबाद: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिनके शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को न्याय मिलने में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली आमजन के प्रति संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। जनसुनवाई के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाना स्तर पर संचालित जनसुनवाई एवं महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और अधिकतर मामलों का निस्तारण थाना स्तर पर ही किया जाए। एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि जिन मामलों का समाधान थाने पर संभव है, उनका निस्तारण वहीं पर गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से किया जाना चाहिए। इससे न केवल लोगों को त्वरित राहत मिलेगी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा की जाए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आमजन को सुलभ, प्रभावी एवं भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है, जिसके लिए जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।