समर्पण न्यूज प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। जनपद प्रतापगढ़ के विकास खंड कुंडा की ग्राम पंचायत रामापुर निवासी राजपति पत्नी लल्लू की कहानी भी इसी बदलाव की एक प्रेरणादायक मिसाल है। कभी कच्ची झोपड़ी में जीवन बिताने को मजबूर यह परिवार आज सम्मानपूर्वक अपने पक्के घर में रह रहा है और भविष्य के प्रति आश्वस्त है। 55 वर्षीय राजपति अपने परिवार के पाँच सदस्यों के साथ वर्षों तक एक जर्जर कच्ची झोपड़ी में रहती थीं। बरसात के दिनों में छत टपकती थी, गर्मी में भीषण तपन और सर्दी में ठिठुरन से परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण स्वयं पक्का मकान बनवाना उनके लिए केवल एक सपना था। वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनका चयन हुआ। सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें तीन किस्तों में 1,20,000 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। इस आर्थिक सहयोग और परिवार के सदस्यों के परिश्रम से उन्होंने अपना एक मजबूत एवं सुरक्षित पक्का आवास तैयार कर लिया। आज उनका परिवार सम्मान और सुरक्षा के साथ अपने नए घर में जीवन व्यतीत कर रहा है।
राजपति बताती हैं कि पक्का मकान मिलने के बाद उनके परिवार के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है। अब उन्हें बरसात, गर्मी और सर्दी की चिंता नहीं रहती। घर के साथ शौचालय की सुविधा मिलने से महिलाओं की गरिमा और परिवार की स्वच्छता सुनिश्चित हुई है। खुले में शौच जाने की मजबूरी समाप्त हो गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आई है। उन्होंने बताया कि आवास योजना का लाभ मिलने के साथ-साथ उन्हें अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ प्राप्त हुआ। परिवार को बिजली कनेक्शन, गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, शौचालय तथा आयुष्मान भारत कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हुईं। इन योजनाओं ने न केवल उनकी दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम किया, बल्कि आर्थिक बोझ भी घटाया और परिवार को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया।
राजपति भावुक होकर कहती हैं कि कभी उन्होंने अपने जीवन में पक्के घर का सपना देखा था, लेकिन उसे पूरा कर पाना संभव नहीं लग रहा था। सरकार की इस योजना ने उनका सपना साकार कर दिया। अब उनके बच्चे सुरक्षित वातावरण में रह रहे हैं और पूरा परिवार सम्मान के साथ जीवन जी रहा है। उनके अनुसार यह बदलाव केवल एक मकान मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उनके जीवन में सुरक्षा, आत्मसम्मान और नई उम्मीद का संचार हुआ है। राजपति मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीबों के जीवन को नई दिशा दी है। उनका मानना है कि यदि योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक इसी प्रकार पहुँचता रहा, तो ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सशक्तिकरण के लक्ष्य को और अधिक गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) केवल एक मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की नई पहचान देने का अभियान बन चुकी है।