समर्पण न्यूज उत्तर प्रदेश
प्रतापगढ़। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था, प्रतापगढ़ के तत्वावधान में रविवार को जेठवारा क्षेत्र के कानूपुर स्थित शीला पैलेस में एक भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संरक्षक राधेश्याम शुक्ल एवं जिलाध्यक्ष अरुण कुमार यादव ने दीप प्रज्वलित कर भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया। इसके बाद उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का वातावरण बना रहा और उपस्थित लोगों ने शहीदों के अदम्य साहस एवं बलिदान को याद किया।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष अरुण कुमार यादव ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी पूर्व सैनिकों की जिम्मेदारियां समाप्त नहीं होतीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनका दायित्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने संस्था को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर बल देते हुए अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही संस्था के संचालन में आने वाली चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, सामाजिक दायित्वों तथा पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिकों के अनुभव और अनुशासन का लाभ समाज को मिलना चाहिए तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह में उपाध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा, सचिव रमेश भदोरिया, कोषाध्यक्ष राजेश शुक्ला, मीडिया प्रभारी नागेंद्र यादव, संयोजक ओमप्रकाश मिश्रा, उपसचिव पारसनाथ मौर्य, बिहार ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश नारायण तिवारी, मांधाता ब्लॉक उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, बिहार ब्लॉक सचिव गोपाल कृष्ण तिवारी, मांधाता ब्लॉक सचिव रवीन्द्र सिंह तथा विशेष सलाहकार सुरेश चौबे सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण शहीद परिवारों का सम्मान रहा। मुख्य अतिथि के रूप में कारगिल शहीद सूर्य नारायण के पुत्र शशिधर शुक्ला तथा परमवीर चक्र विजेता शहीद मेजर मनोज पांडेय के पिता बब्बन पांडेय को अंगवस्त्र एवं तिरंगा स्मृति पट्टिका भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया और शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शीला पैलेस के स्वामी एवं ग्राम प्रधान सुशील सिंह सराय महासिंह का विशेष योगदान रहा। अंत में संस्था के संरक्षक राधेश्याम शुक्ल ने सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों से समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।