मौनतीर्थ पीठ आश्रम में उमड़े संत व श्रद्धालु, ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्रद्धा का दिखा संगम!!
उज्जैन: मंगलनाथ मार्ग स्थित दशाश्वमेध गंगाघाट के समीप मौनतीर्थ पीठ आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय भगवान गणेश एवं भगवान कार्तिकेय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उल्लास और आस्था से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी शामिल हुए। गंगाघाट से प्रारंभ हुई कलश यात्रा आश्रम परिसर तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर भजन-कीर्तन करते हुए नृत्य करते नजर आए। पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। यह धार्मिक अनुष्ठान श्रीमत्परमहंस परिव्राजक ब्रह्मनिष्ठ श्रौतिय, अनंतश्री विभूषित श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर यज्ञमूर्ति स्वामी डॉ. सुमनानंद गिरि जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन परम पूज्य सद्गुरुदेव कलिपावनावतार, अखंड मौनीव्रती ब्रह्मऋषि श्री श्री मौनी बाबा जी महाराज के आश्रम में किया जा रहा है। प्रथम दिवस पर वेदी पूजन, देव पूजन, आरती एवं वैदिक अनुष्ठानों के साथ भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की विधिवत शुरुआत हुई। अनुष्ठान को आचार्य पंडित चंदन व्यास एवं पंडित अधीस द्विवेदी ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया। यजमान के रूप में हिमांशु कौशिक, इंद्रा चौधरी एवं गौरव केजरीवाल ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई। साध्वी हर्षानंद गिरि ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।