प्रेम प्रसंग में जल निगम की टंकी पर चढ़ी युवती: शादी न होने पर कूदने की दी धमकी

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0
फायर टीम की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा- रेस्क्यू कर सुरक्षित नीचे उतारी गई युवती

प्रतापगढ़ जनपद न्यायालय परिसर स्थित जल निगम की ओवरहेड वाटर टंकी पर गुरुवार को एक युवती के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवती टंकी के ऊपर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दे रही थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजू उपाध्याय के निर्देशन में फायर स्टेशन प्रभारी राधेश्याम दुबे एवं कृपा शंकर यादव अपनी रेस्क्यू टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फायर कर्मियों ने बिना देर किए टंकी पर जाने वाली सीढ़ी के माध्यम से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टंकी के ऊपर पहुंचने पर देखा गया कि युवती मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी। वह कह रही थी कि यदि उसकी शादी उसकी पसंद के युवक से नहीं कराई गई तो वह टंकी से कूदकर अपनी जान दे देगी। युवती बातचीत में व्यस्त थी और उसे इस बात का आभास नहीं हुआ कि फायर विभाग की टीम उसके बेहद करीब पहुंच चुकी है। इसी दौरान फायर कर्मियों ने साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए पीछे से उसे सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया। फायर टीम की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और युवती की जान बच गई। पूछताछ में युवती ने अपना नाम पूनम पुत्री श्यामलाल (19 वर्ष), निवासी पूरे मुस्तफा खान, प्रतापगढ़ सिटी बताया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई के लिए उसे सिविल लाइंस चौकी प्रभारी एवं महिला कांस्टेबलों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल रेस्क्यू अभियान में फायरमैन संदीप कुमार, अवनीश कुमार, राहुल कुमार तथा मंजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने फायर विभाग की तत्परता, साहस और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए टीम की जमकर प्रशंसा की।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default