गरीबों के राशन पर डाका: परसौली कोटेदार की बर्खास्तगी की मांग, ग्रामीणों संग जदयू नेताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0



बांदा  जनपद की ग्राम पंचायत परसौली में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में कथित भारी अनियमितताओं को लेकर बुधवार को जनता दल (यूनाइटेड) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बांदा को ज्ञापन सौंपकर राशन घोटाले की उच्चस्तरीय जांच, लंबित राशन वितरण तथा उचित दर विक्रेता सावित्री को तत्काल बर्खास्त किए जाने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत परसौली में बड़ी संख्या में पात्र राशन कार्डधारकों के अंगूठे लगवाकर रिकॉर्ड में राशन वितरण दर्शा दिया गया, जबकि वास्तविक रूप से उन्हें खाद्यान्न नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी सैकड़ों पात्र परिवार अपने हक के राशन से वंचित हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि परसौली की उचित दर दुकान को ग्राम पंचायत तराया से संबद्ध कर दिया गया है, लेकिन जिन लाभार्थियों को पूर्व में राशन नहीं मिला, उन्हें आज तक उनका लंबित राशन उपलब्ध नहीं कराया गया। जदयू नेताओं और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोटेदार श्रीमती सावित्री के विरुद्ध पूर्व में भी कई शिकायतें हुईं और उन्हें दो से तीन बार निलंबित किया जा चुका है, इसके बावजूद लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आना गंभीर प्रश्न खड़े करता है। ज्ञापन में ई-पॉस मशीन, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर एवं खाद्यान्न उठान से संबंधित सभी अभिलेखों की जांच कराने, फर्जी वितरण और खाद्यान्न हेराफेरी की विस्तृत जांच कराने, पिछले वर्षों की शिकायतों और निलंबन संबंधी रिकॉर्ड की समीक्षा करने, दोष सिद्ध होने पर उचित दर विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर भविष्य में किसी भी राशन दुकान संचालन से अयोग्य घोषित करने तथा मामले में संलिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध भी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही गरीबों के राशन में हुई किसी भी प्रकार की वित्तीय अथवा खाद्यान्न अनियमितता की वसूली दोषियों से कराए जाने की मांग उठाई गई। ज्ञापन सौंपने वालों में पिंकी प्रजापति, सद्दाम हुसैन जिला उपाध्यक्ष, रविंद्र कुमार गुप्ता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, ज्योति मौर्य, बाबूलाल चौधरी, हरिराम सिंह, महेश कुमार श्रीवास्तव, सरवन कुमार कबीर, लवलेश भास्कर, उमेश यादव, रमन गुप्ता, काशी प्रसाद याज्ञिक, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आत्माराम यादव, राजाराम यादव, श्यामलाल हितैषी पूर्व प्रधान परसौली सहित एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि गरीबों के हक के राशन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो जनआंदोलन तेज किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default