जनता दर्शन में उमड़ रही फरियादियों की भीड़: क्या निचले स्तर पर शिकायत निस्तारण की व्यवस्था हो रही है फेल

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0
DM-SP सुन रहे जन समस्याएं- फिर क्यों बढ़ रहा फरियादियों का जमावड़ा
प्रतापगढ़: जनपद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा नियमित रूप से जनता की समस्याएं सुनने के लिए जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद फरियादियों की भीड़ कम होने के बजाय लगातार बढ़ती नजर आ रही है। यह स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रही है। जिलाधिकारी प्रतापगढ़ ने अपने अधिकृत एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में आए सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए। दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी स्वयं एसपी जनता दर्शन के माध्यम से लोगों की शिकायतें सुनकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हैं।
इसके अलावा तहसील दिवस और थाना दिवस जैसे कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। हर सप्ताह तहसीलों और थानों में लगने वाली शिकायतों की भीड़ इस बात का संकेत है कि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रशासन का दरवाजा खटखटा रहे हैं। हालांकि यहां सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी स्वयं शिकायतें सुन रहे हैं, तब भी फरियादियों की संख्या कम क्यों नहीं हो रही? क्या निचले स्तर पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं? क्या विभागीय स्तर पर समस्याओं का समाधान समय से नहीं हो पा रहा, जिसके कारण लोगों को बार-बार उच्च अधिकारियों तक पहुंचना पड़ रहा है? जनता दर्शन में बढ़ती भीड़ यह संकेत देती है कि जनता को अभी भी अपने मामलों के समाधान के लिए शीर्ष अधिकारियों पर अधिक भरोसा है। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि ग्राम, ब्लॉक, तहसील और थाना स्तर पर शिकायतों का प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार उच्च अधिकारियों के समक्ष गुहार न लगानी पड़े।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default