विधायक महराजी प्रजापति की अनुपस्थिति में पुत्र अनुराग ने संभाली जनसेवा की कमान- भंडारे में उमड़ा जनसैलाब!
अमेठी: विधानसभा क्षेत्र अमेठी-186 में विधायक महराजी प्रजापति की अनुपस्थिति के दौरान उनके छोटे पुत्र अनुराग प्रजापति द्वारा विशाल जन-स्नेह भोज एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं जरूरतमंद लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रसाद ग्रहण कर अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं पवनपुत्र हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द के वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने क्षेत्रवासियों को एकजुट करने का कार्य किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अनुराग प्रजापति ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अन्नदान को महादान माना गया है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और सम्मान पहुंचाना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, परोपकार और जनकल्याण की भावना ही हमारे संस्कारों की वास्तविक पहचान है और इसी भावना के साथ जनहित के कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे। अनुराग प्रजापति ने क्षेत्रवासियों के प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि यही स्नेह उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने भंडारे को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और सद्भाव का संदेश देने का प्रयास किया गया। "नर सेवा ही नारायण सेवा है और अन्नदान सबसे बड़ा पुण्यदान है" की भावना के साथ यह जनसेवा अभियान आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।