सनातन संस्कृति और राष्ट्र जागरण पर हुआ मंथन- धीरेंद्र शास्त्री से मिले राजा भइया व गोपाल भइया
प्रतापगढ़ जनपद में वर्ष 2026 के उत्तरार्ध में राजभवन बेंती, कुण्डा में आयोजित होने वाली मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्रस्तावित दिव्य कथा के संदर्भ में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ने बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज से स्नेहपूर्ण शिष्टाचार भेंट कर उनका पावन आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उनके साथ विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। भेंट के दौरान प्रस्तावित श्रीराम कथा के आयोजन, उसकी आध्यात्मिक महत्ता तथा समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना के प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस बीच दोनों के मध्य वैदिक सनातन परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन, राष्ट्र के सांस्कृतिक पुनर्जागरण, लोककल्याण तथा धर्मप्रचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर सारगर्भित एवं सकारात्मक विमर्श हुआ। राजा भइया ने कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन भारतीय संस्कृति की आत्मा है और उनके चरित्र से समाज को मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है। वहीं पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज ने सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा समाज में आध्यात्मिक जागरण के महत्व पर बल देते हुए प्रस्तावित कथा आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रदान कीं। इस आत्मीय मुलाकात को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित श्रीराम कथा के माध्यम से प्रतापगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और सनातन मूल्यों के प्रसार को नई दिशा मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।