भोलेनाथ को साक्षी मान नायब तहसीलदार ने खोली 15 साल पुरानी विवादित भूमि की फाइल, एक सप्ताह में नोटिस जारी कर होगा सीमांकन

समर्पण न्यूज इंडिया
By - Samarpan News
0


भयहरणनाथ धाम में पौधरोपण संग शुरू हुआ कब्जा मुक्ति अभियान, 9 जून से भागवत कथा और 7 जून को 13वां सत्याग्रह जारी

 
प्रतापगढ़: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांडवकालीन भयहरणनाथ धाम की लगभग 15 वर्ष पुरानी भूमि विवाद की फाइल एक बार फिर खुल गई। धाम परिसर में भगवान भोले भयहरणनाथ महादेव का पूजन-अर्चन कर नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र तिवारी ने भूमि संबंधी अभिलेखों के परीक्षण और निष्पक्ष कार्रवाई की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान भूमि विवाद के समाधान के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिए गए, जिससे धाम की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। भयहरणनाथ धाम के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 1359 फसली तथा चकबंदी आधार वर्ष की खतौनी का मिलान किया जाएगा। जिन अभिलेखों में मंदिर, धाम, सार्वजनिक या समालाती भूमि का उल्लेख होगा, उसे उसी आधार पर मान्यता दी जाएगी। यदि राजस्व नक्शे में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो राजस्व निरीक्षक अशोक दुबे, लेखपाल प्रशांत तथा अमीन की संयुक्त टीम मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन और सीमांकन करेगी। दस्तावेजों की जांच एक सप्ताह में पूरी कर संबंधित काश्तकारों को नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद धाम की भूमि पर पत्थर नसब कर उसे कब्जा मुक्त कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार मुन्ना यादव ने मेला कंट्रोल रूम से पौधरोपण एवं सीमांकन अभियान का शुभारंभ किया। नायब तहसीलदार, धाम प्रबंधन समिति और स्थानीय नागरिकों ने परिसर में 11 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही बरसात के मौसम में कब्जा मुक्त भूमि पर हरिशंकरी पौधों के व्यापक रोपण का संकल्प भी लिया गया। प्रबंधन समिति ने इस अभियान को सफल बनाने का भरोसा दिलाया। धाम से जुड़े सत्याग्रहियों ने भूमि संबंधी कार्रवाई पूर्ण होने तक अपना आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 7 जून को मेला नियंत्रण कक्ष से 13वां सामाजिक सत्याग्रह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जाएगा। धाम के 118 सहयोगी गणों ने भी राजस्व विभाग की कार्रवाई में सहयोग करने का संकल्प लिया है। महासचिव समाज शेखर ने बताया कि 9 जून से 15 जून तक भयहरणनाथ धाम में भागवत भूषण विजय कांत जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से 8:30 बजे तक होगी। आयोजन अध्यक्ष आचार्य राज कुमार शुक्ल तथा संरक्षक देवी प्रसाद मिश्र के संयोजन में संपन्न होगा। इस अवसर पर धाम प्रबंधन समिति, नगर पंचायत, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और क्षेत्रीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default